भीषण गर्मी से जूझता रायपुर, आज बारिश से मिल सकती है राहतगरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना, 20 मई के बाद तापमान में गिरावट संभावित

रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर के लोग बुधवार को भीषण गर्मी और उमस से बेहाल रहे। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। विभाग ने अनुमान जताया है कि आकाश मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छींटे पड़ सकते हैं।
विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ 73 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में सक्रिय है, वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात पूर्वी बिहार और उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल के ऊपर 0.9 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यहीं से एक द्रोणिका रायलसीमा तक विस्तारित है, जो प्रदेश में मौसम परिवर्तन का कारण बन सकती है।
गरज-चमक, अंधड़ और वज्रपात की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने 15 मई को छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की आशंका जताई है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में 16 मई तक वर्षा का असर बना रह सकता है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में 20 मई तक कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद इसमें गिरावट आने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान (रविवार)
- रायपुर: अधिकतम 41.1°C, न्यूनतम 29.3°C
- माना: अधिकतम 41°C, न्यूनतम 28.4°C
- बिलासपुर: अधिकतम 41.8°C, न्यूनतम 29.3°C
- पेंड्रा रोड: अधिकतम 39.8°C, न्यूनतम 25.6°C
- अम्बिकापुर: अधिकतम 39.2°C, न्यूनतम 25.6°C
- जगदलपुर: अधिकतम 32.6°C, न्यूनतम 23.8°C
गर्मी से राहत की उम्मीद में जहां आम लोग बादलों की ओर टकटकी लगाए हुए हैं, वहीं मौसम विभाग की भविष्यवाणी से थोड़ी राहत की किरण नजर आ रही है।
