मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बेंगलुरु दौरे पर, औद्योगिक निवेश को लेकर करेंगे अहम बैठकें

विशेष संवाददाता // भोपाल (शिखर दर्शन)

मध्य प्रदेश को औद्योगिक निवेश की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के मिशन पर निकले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 14 मई को बेंगलुरु में निवेशकों के बीच पहुंचे। ‘सीइन्वेस्ट इन एमपीसी’ सत्र में शामिल होकर उन्होंने देश के अग्रणी उद्योगपतियों और निवेशकों के समक्ष मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं और नीतिगत प्रतिबद्धताओं को विस्तार से प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) परिसर का दौरा किया, जहां उनका स्वागत कंपनी के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक और बोर्ड सदस्यों द्वारा किया गया। बीईएमएल शॉप विज़िट के दौरान मुख्यमंत्री ने 2100वें मेट्रो कोच के लोकार्पण समारोह में भाग लिया और मेट्रो पर टेस्ट राइड भी की। इसके बाद उन्होंने इंटीग्रेटेड डिजाइन सेंटर (IDC) का भ्रमण किया और बीईएमएल के भोपाल संयंत्र की प्रस्तुति भी देखी।

इस अवसर पर बीईएमएल द्वारा मध्यप्रदेश में स्थापित की जा रही नई इकाई के लिए भूमि आवंटन पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा गया, जो राज्य के औद्योगिक विकास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बेंगलुरु के ‘द लीला पैलेस’ होटल पहुंचे, जहां उन्होंने निवेशकों के साथ गहन संवाद किया और मध्यप्रदेश में निवेश की अपार संभावनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा उद्योगों को दी जा रही सुविधाओं, अनुकूल माहौल और निवेशकों के लिए बनाई गई नीतियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री का आज का शेड्यूल सुबह 11:30 बजे भोपाल से रवाना होकर दोपहर 1:50 बजे BEML परिसर पहुंचने से शुरू हुआ। शाम 3:30 बजे वे ‘द लीला पैलेस’ पहुंचे और रात 9 बजे वापस भोपाल के लिए रवाना हुए।

यह दौरा मध्यप्रदेश के औद्योगिक भविष्य के लिए एक निर्णायक कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य में नई परियोजनाओं और रोजगार अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा।

—————————————————

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!