छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला: आंधी-बारिश का दौर जारी, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

रायपुर (शिखर दर्शन) // प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है। तेज गर्मी के बीच बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां जारी हैं, जिससे लोगों को आंशिक राहत तो मिली है, लेकिन उमस भी बढ़ गई है। राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सर्वाधिक था, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम प्रणालियों का असर, बारिश और हवाओं की संभावना
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 73 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण 0.9 किमी की ऊंचाई तक सक्रिय है, जिससे एक द्रोणिका रेखा दक्षिण ओडिशा होते हुए छत्तीसगढ़ तक फैली हुई है। साथ ही, एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका पश्चिमी विदर्भ से केरल तक 1.5 किमी की ऊंचाई तक विस्तृत है। इन्हीं प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में गरज-चमक, आंधी और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ वर्षा की चेतावनी जारी की है।
- ऑरेंज अलर्ट : सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोण्डागांव, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में 40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
- येलो अलर्ट : सुकमा से लेकर सरगुजा तक 30–40 किमी/घंटा की गति से हवाएं चल सकती हैं। इनमें रायपुर, महासमुंद, धमतरी, बलौदा बाजार, कोरबा, कांकेर, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर सहित लगभग सभी जिले शामिल हैं।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में न रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण लेने से बचें, और बिजली गिरने की संभावना वाले समय में मोबाइल उपकरणों का प्रयोग सावधानी से करें।
——————————————————

