रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आज, शाम को तिरंगा यात्रा में लेंगे भाग; पूर्व सीएम बघेल का बस्तर दौरा, भाजपा की कार्यशाला और कई आयोजन भी आज

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज सुबह 11:30 बजे मंत्रालय (महानदी भवन), अटल नगर नवा रायपुर में राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए जाने की संभावना है। इससे पहले हुई कैबिनेट बैठक में सहायक शिक्षकों के समायोजन का ऐतिहासिक फैसला लिया गया था, जिसके लिए आंदोलित शिक्षक संगठनों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया था।

मुख्यमंत्री साय सुबह 11:00 बजे निवास से रवाना होकर 11:25 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। बैठक के बाद वे शाम को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे दोपहर 3:45 बजे मंत्रालय से रवाना होकर शाम 4:00 बजे सेक्टर-24 स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय के लोकार्पण एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5:30 से 6:30 बजे तक मरीन ड्राइव, तेलीबांधा से घड़ी चौक तक आयोजित “तिरंगा यात्रा” में भाग लेंगे और फिर शाम 6:35 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

पूर्व सीएम बघेल का बस्तर दौरा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज से तीन दिवसीय बस्तर दौरे पर निकलेंगे। वे हाल ही में हुए राज्य के सबसे बड़े नक्सल ऑपरेशन के बाद बस्तर, कोण्डागांव, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे। साथ ही दंतेश्वरी माता के दर्शन भी करेंगे।

भाजपा की कार्यशाला आज रायपुर में

महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर भाजपा 21 से 30 मई तक विभिन्न आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में आज रायपुर के एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई है। कार्यशाला में राष्ट्रीय नेत्री सुषमा सिंग, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री अजय जमवाल, पवन साय, धरमलाल कौशिक सहित प्रदेशभर के जिला अध्यक्ष और कमेटियों के सदस्य भाग लेंगे। कार्यक्रम में आगामी आयोजनों की दिशा और रणनीति तय की जाएगी।

राज्य सूचना आयुक्त के लिए इंटरव्यू 28 मई को

राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत 28 मई को इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पात्र उम्मीदवारों की सूची पूर्व में जारी की जा चुकी है। नियुक्ति हेतु गठित सर्च कमेटी की अध्यक्षता एसीएस मनोज कुमार पिंगुआ कर रहे हैं।

आज से ग्रास रूट फुटबॉल चैंपियनशिप की शुरुआत

ग्रास रूट डे के अवसर पर शेरा क्रीड़ा समिति द्वारा 14 से 23 मई तक सप्रे शाला मैदान में सेवन-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की टीमें भाग लेंगी। कुल 34 टीमें इस आयोजन में हिस्सा लेंगी और केवल पंजीकृत खिलाड़ी ही इसमें भाग ले सकेंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम

  • ध्वजा महोत्सव: कुंथुनाथ जिनालय, सन्मति नगर फाफाडीह में 24वीं वर्षगांठ पर 25वां ध्वजा महोत्सव मनाया जा रहा है। सुबह 6 बजे से संतों का मंगल प्रवेश, 7:30 बजे ध्वजा शोभायात्रा, 8:30 बजे सत्तरभेदी पूजा और 10:36 बजे ध्वजारोहण होगा।
  • ब्राह्मण महासभा की बैठक: वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन व सर्व युवा ब्राह्मण परिषद की बैठक आज शाम 5 बजे वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में होगी।
  • विशेष प्रवचन: ‘अशांत मन से शांत जीवन की ओर’ विषय पर प्रवचन सुबह 8:30 से 9:45 बजे तक श्रीवर्धमान मंदिर, न्यू राजेंद्रनगर में आयोजित है।

आज का दिन राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और प्रमुख दलों की सक्रियता के साथ राजधानी रायपुर विभिन्न आयोजनों की साक्षी बनेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!