ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश, नकाबपोश बदमाशों ने दुकान संचालक की बेटी को मारी गोली, पिता पर भी किया हमला
धमतरी (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के धमतरी में रविवार को लूट की नीयत से दो नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप पर हमला कर दिया। बदमाशों ने एयर पिस्टल से फायरिंग की, जिससे दुकान संचालक भंवरलाल बरड़िया की 25 वर्षीय बेटी नेहा बरड़िया घायल हो गई। वारदात शहर के व्यस्त कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्युत कार्यालय के सामने स्थित बरड़िया ज्वेलर्स में हुई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, दो नकाबपोश युवक अचानक दुकान में घुसे और लूटपाट की नीयत से हमला शुरू कर दिया। उन्होंने दुकान संचालक भंवरलाल बरड़िया के सिर पर हथियार के बट से वार किया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। शोर सुनकर जब उनकी बेटी नेहा बचाव के लिए आगे आई तो बदमाशों ने एयर पिस्टल से उसके पैर पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को तुरंत धमतरी के क्रिश्चियन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एसपी सूरज सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध नजर आए हैं, जिन्होंने अपने चेहरे को ढंका हुआ था। उनकी हाइट लगभग 5 फुट 10 या 11 इंच के आसपास है। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बदमाशों के पास जो हथियार था वह संभवतः एयर गन था, क्योंकि फायरिंग से गोली का एग्जिट पॉइंट भी एंट्री जैसा ही था, जो बारूद वाले हथियार से संभव नहीं होता।
घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और बदमाशों की तलाश जारी है। वारदात के पीछे किसी स्थानीय गिरोह की भूमिका होने की भी आशंका जताई जा रही है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।
