सीएम डॉ मोहन ने जबलपुर में किया सांदीपनि विद्यालय का भूमिपूजन: कहा- प्राइवेट को पीछे छोड़ेंगे सरकारी स्कूल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जाएंगे सभी प्रयास

विशेष संवाददाता की रिपोर्ट:
जबलपुर (शिखर दर्शन) //
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को जबलपुर आगमन के दौरान बरगी हिल्स में 27 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सांदीपनि विद्यालय का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल अब प्राइवेट संस्थानों से आगे निकलेंगे, और इसका प्रमाण वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में देखने को मिलेगा, जिसमें मेरिट सूची में 70 प्रतिशत बच्चे सरकारी स्कूलों से होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं सरकारी स्कूल में पढ़े हैं और उन्हें सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर गर्व है। उन्होंने कहा कि इस बार सरकारी स्कूलों का रिजल्ट सर्वश्रेष्ठ रहा है। अब शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण संसाधनों और सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। सांदीपनि विद्यालय इसकी दिशा में एक बड़ा कदम होगा, जिसमें अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं और नवाचार आधारित शिक्षा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान देश की सुरक्षा और नेतृत्व की बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को उसकी हरकतों का करारा जवाब दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने असंभव कार्यों को भी संभव कर दिखाया है और दुनिया को दिखा दिया है कि भारत अब जवाब देना जानता है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर की ऐतिहासिक विरासत को भी याद किया। उन्होंने कहा कि यह रानी दुर्गावती की नगरी है, जहां उनकी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी आयोजित हुई थी। यह शहर न केवल अतीत की गौरवगाथा को संजोए हुए है, बल्कि आने वाले समय में शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर मिलेगा। वे जो मांगेंगे, वह सरकार उपलब्ध कराएगी।”
इस भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, विधायक अशोक रोहानी और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
