साय कैबिनेट की बैठक कल , कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर नवा रायपुर के मंत्रालय में सुबह 11:30 बजे से होगी बैठक

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद की अगली अहम बैठक बुधवार, 14 मई को सुबह 11:30 बजे अटल नगर नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित की गई है। इस कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले लिए जाने की संभावना है, जो राज्य के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रभावित कर सकते हैं।
इससे पहले हुई कैबिनेट बैठक में साय सरकार ने बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के समायोजन का बड़ा निर्णय लिया था। लंबे समय से आंदोलन कर रहे इन शिक्षकों को सरकार के फैसले से राहत मिली है और उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार भी व्यक्त किया था।
पिछली बैठक में ही “मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना” को भी मंजूरी दी गई थी, जिसके तहत दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में परिवहन और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है। यह योजना ग्रामीण जनता को शहरों से जोड़ने में मददगार साबित होगी।
अब देखना यह है कि 14 मई को होने वाली आगामी बैठक में सरकार कौन-कौन से नए निर्णय लेती है और किन वर्गों को इसका लाभ मिलता है।
