पाकिस्तानी ड्रोन हमले में झुलसी महिला ने तोड़ा दम, लुधियाना के अस्पताल में चल रहा था इलाज,पति और बेटा घायल, खाई फेम गांव में पसरा मातम

लुधियाना (शिखर दर्शन) //भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान 9 मई की रात फिरोजपुर के खाई फेम गांव में हुए एक ड्रोन हमले में गंभीर रूप से झुलसी महिला सुखविंदर कौर (50) ने लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हमले में उनके पति लखविंदर सिंह (55) और बेटा जसवंत सिंह (24) भी घायल हुए हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, सुखविंदर कौर 100 प्रतिशत झुलस गई थीं, जबकि लखविंदर सिंह 72 प्रतिशत जल चुके हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद फिरोजपुर से लुधियाना रेफर किया गया था। सुखविंदर कौर की हालत गंभीर बनी हुई थी और देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हमले के दौरान एक नुकीली लोहे की वस्तु जसवंत सिंह की टांगों में जा लगी थी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। फिलहाल वह फिरोजपुर के अस्पताल में भर्ती है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुखविंदर कौर का शव आज खाई फेम गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और लोग गहरे सदमे में हैं।

