माओवादियों का खूनी तांडव: कांग्रेस कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हत्या, गांव में फैली सनसनी और डर
बीजापुर के लिंगापुर में कांग्रेस कार्यकर्ता नागा भंडारी की निर्मम हत्या, इलाके में फैली दहशत
बीजापुर (शिखर दर्शन) // नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में एक बार फिर माओवादियों ने दहशत फैलाने वाली घटना को अंजाम दिया है। रविवार देर रात लिंगापुर गांव में नक्सलियों ने कांग्रेस कार्यकर्ता नागा भंडारी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। यह वारदात नागा के घर से कुछ ही दूरी पर अंजाम दी गई, जिससे पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल फैल गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक पुलिस ने इस हत्या के पीछे नक्सलियों का हाथ होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन प्रारंभिक अंदेशा माओवादियों पर ही जताया जा रहा है।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब भंडारी परिवार को नक्सली हिंसा का शिकार बनना पड़ा हो। इससे पहले 24 अक्टूबर 2024 को नागा भंडारी के बड़े भाई तिरुपति भंडारी की भी ग्राम उसूर के पास नक्सलियों ने दिनदहाड़े हत्या कर दी थी। अब नागा की हत्या से यह साफ संकेत मिल रहा है कि नक्सली एक बार फिर राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों में इस दोहरी हत्या को लेकर गहरी चिंता और आक्रोश है। वहीं, क्षेत्र में लगातार बढ़ती नक्सली वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।



