रायपुर संभाग

CG Weather Update: बस्तर और सरगुजा में आज होगी झमाझम बारिश, अगले 5 दिनों तक बनी रहेगी बदली-बारिश की स्थिति

बारिश और तेज हवाओं से गर्मी से राहत, 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे प्रदेशवासियों को तेज गर्मी से राहत मिली है। बस्तर और सरगुजा संभाग सहित कई जिलों में आज भी बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। कई क्षेत्रों में अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।

24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश, तापमान में मामूली बदलाव
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, जबकि अगले 4 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक तापमान स्थिर रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम परिवर्तन का कारण बना पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिकाएं
मौसम वैज्ञानिक एसपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में 4.5 से 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। साथ ही एक पूर्व-पश्चिम दिशा में फैली द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से होते हुए उत्तर बांग्लादेश तक पहुंच रही है। इसके अतिरिक्त, दक्षिण तेलंगाना से लेकर दक्षिण मन्नार की खाड़ी तक उत्तर-दक्षिण दिशा में एक अन्य द्रोणिका भी सक्रिय है। इसी मौसमीय प्रणाली के कारण छत्तीसगढ़ में आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी हुई है।

7 जिलों में येलो अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के 7 जिलों — सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव और कबीरधाम — में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा) और बारिश की संभावना जताई गई है। संबंधित जिला प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रायपुर में आंशिक बादल और बौछारों के आसार
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

————————————————-

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button