ऑपरेशन सिंदूर: पहलगाम हमले का बदला, भारत ने PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर की एयरस्ट्राइक
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // पहलगाम आतंकी हमले के 15वें दिन भारत ने कड़ा जवाब देते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिज्बुल मुजाहिदीन के कुल 9 आतंकी ठिकानों पर रात डेढ़ बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत एयर स्ट्राइक की। इस हमले में आतंकी संगठनों के कई मुख्यालय तबाह हो गए हैं और करीब 30 आतंकियों के मारे जाने की खबर है।
सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायुसेना और सेना के संयुक्त ऑपरेशन में PoK के बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद स्थित आतंकी ठिकानों को सटीक हथियारों से निशाना बनाया गया। यह वही स्थान हैं, जहां से भारत पर आतंकी हमलों की साजिशें रची जाती थीं।
भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस एयरस्ट्राइक में किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया, बल्कि केवल उन जगहों पर हमला किया गया जहां से आतंकवादी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। यह कार्रवाई पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के प्रतिशोध में की गई है, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली टूरिस्ट की जान गई थी।
एएनआई के मुताबिक, जिन 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया, उनमें जैश-ए-मोहम्मद के 4, लश्कर-ए-तैयबा के 3 और हिज्बुल मुजाहिदीन के 2 प्रमुख अड्डे शामिल हैं।

पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग DG ISPR ने भी हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि भारत ने कोटली, मुरीदके और बहावलपुर सहित नौ स्थानों पर हवाई हमले किए हैं। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने चेतावनी देते हुए कहा है कि “भारत से टकराव अब टालना मुश्किल है”, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और गहराने की आशंका है।
मुजफ्फराबाद में विस्फोट के बाद संपूर्ण क्षेत्र में ब्लैकआउट की खबरें हैं, जबकि पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि उनके लड़ाकू विमान तुरंत कार्रवाई में लगे हैं और नुकसान का आकलन जारी है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम भारत की सांस्कृतिक भावना और बलिदान की परंपरा से प्रेरित है। सरकार का संदेश स्पष्ट है — “एक चुटकी सिंदूर की कीमत” का जवाब अब आतंकी संगठनों और उन्हें समर्थन देने वालों को चुकाना होगा।
