सीजी मॉर्निंग बुलेटिन : मॉक ड्रिल से लेकर बोर्ड रिजल्ट तक, जानिए आज छत्तीसगढ़ में क्या-क्या रहेगा खास

रायपुर ( शिखर दर्शन ) 👉 भारत-पाक युद्ध की आशंका के मद्देनजर दुर्ग में मॉक ड्रिल
भारत-पाक युद्ध जैसे आपातकालीन हालात से निपटने की तैयारी के तहत दुर्ग जिले में मॉक ड्रिल आयोजित किया जाएगा। केंद्र सरकार के निर्देश पर हो रहे इस अभ्यास के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। मॉक ड्रिल में आपातकालीन प्रशिक्षण, ब्लैकआउट अभ्यास और सुरक्षा सेवाओं की क्षमता का परीक्षण होगा। इसमें जिला प्रशासन, नागरिक सुरक्षा विभाग, होम गार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्कूल-कॉलेज के छात्र और स्वयंसेवी संगठन भाग लेंगे।
👉 मंत्री लखनलाल देवांगन का कबीरधाम दौरा आज
वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन आज कबीरधाम जिले के ग्राम धमकी के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। वे सुबह 10 बजे रायपुर से रवाना होंगे और दोपहर 12:30 बजे “सुशासन तिहार 2025” अंतर्गत समाधान शिविर में भाग लेंगे। इसके बाद वे कवर्धा होकर शाम को रायपुर लौटेंगे।
👉 आज आएंगे 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) आज दोपहर 3 बजे हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित करेगा। खुद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन नतीजों की घोषणा करेंगे। लाखों विद्यार्थियों को आज का बेसब्री से इंतजार है।
👉 कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ कल बिलासपुर से होगी शुरू
कांग्रेस पार्टी 8 मई से “संविधान बचाओ रैली” की शुरुआत बिलासपुर से करेगी। रैली में प्रभारी महासचिव सचिन पायलट, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, दीपक बैज, टीएस सिंहदेव और अन्य नेता शामिल होंगे। पार्टी संविधान में 50% आरक्षण सीमा हटाने सहित तीन मुख्य मांगों पर जनदबाव बनाएगी।
👉 दिव्यांगों के लिए प्लेसमेंट कैंप 9 मई को रायपुर में
अस्थिबाधित दिव्यांगजनों के लिए विशेष रोजगार कार्यालय, पुराना पुलिस मुख्यालय, रायपुर में 9 मई को प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इसमें एनएपीएस योजना के तहत 12वीं पास, 18 से 25 वर्ष के दिव्यांगजनों को 25 पदों पर भर्ती का अवसर मिलेगा।
👉 टी-20 क्रिकेट फाइनल में भिलाई और बिलासपुर आमने-सामने
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सीनियर एलीट ग्रुप टी-20 टूर्नामेंट के फाइनल में भिलाई और बिलासपुर की टीमें 7 मई को भिड़ेंगी। बिलासपुर ने बीएसपी और भिलाई ने प्लेट कम्बाइंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई। बिलासपुर के प्रवीण कुमार और भिलाई के आनंद राव ने शानदार प्रदर्शन किया।
👉 पैरा तीरंदाज टोमन कुमार का चयन दो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में
छत्तीसगढ़ के पैरा तीरंदाज टोमन कुमार का चयन इटली में होने वाली विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप और चीन में एशियाई चैंपियनशिप के लिए हुआ है। सामान्य वर्ग में भी पदक जीत चुके टोमन को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और तीरंदाजी संघ ने बधाई दी है।
👉 एशियन कराटे चैंपियनशिप के लिए राधिका धीवर का चयन
ग्राम नरदहा की राधिका धीवर का चयन भूटान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय एशियन कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है। उन्हें छत्तीसगढ़ धीवर समाज महासभा द्वारा 21,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
👉 रायपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आज से शुरू
विवेकानंद महाविद्यालय और विप्र महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में “रिसर्च मेथोडोलॉजी एंड इम्प्लीमेंटेशन ऑफ स्टैटिस्टिकल टूल्स” विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आज से शुरू हो रही है। उद्घाटन पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलसचिव करेंगे।
👉 जैन समाज की विशेष आराधना आज
भगवान महावीर स्वामी के कैवल्य कल्याणक दिवस पर आज जैन समाज द्वारा हिंसा-मुक्त समाज और शांति की कामना के साथ विशेष आराधना की जाएगी। यह कार्यक्रम सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा।
👉 प्रवचन : अशांत मन से शांत जीवन की ओर
उपाध्याय भगवंत संतश्री मनीष सागर महाराज आज सुबह 8:30 से 9:45 बजे तक वर्धमान मंदिर, न्यू राजेंद्र नगर में “अशांत मन से शांत जीवन की ओर” विषय पर विशेष प्रवचन देंगे।
————————————————————————-
