बिलासपुर संभाग

हाईवे पर महिला से दिनदहाड़े लूट, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार , हाईवे-130 (बिलासपुर-रायपुर रोड) की घटना

मुंगेली (शिखर दर्शन) // जिले में दिनदहाड़े हाईवे-130 (बिलासपुर-रायपुर रोड) पर महिला से पर्स लूटने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को मुंगेली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, वारदात के बाद से फरार तीन लुटेरों में से दो को दबोचने में पुलिस को सफलता मिली है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।

क्या था पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 अप्रैल की है। रायपुर जिले की रहने वाली महिला ईश्वरी कैवर्त अपने बेटे के साथ एक्टिवा से बिलासपुर से तिल्दा लौट रही थीं। शाम करीब 4:50 बजे चंद्रखुरी ओवरब्रिज के पास बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने तेज रफ्तार से महिला के पास आकर उनके हाथ से पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पर्स में 21,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य सामान थे।

पुलिस की कार्रवाई
महिला की शिकायत के बाद मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और डीएसपी पथरिया नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना सरगांव की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. विकास यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम अमने (थाना कोटा), वर्तमान निवासी ग्राम डिघोरा थाना हिर्री, बिलासपुर
  2. मंजित जांगड़े (19 वर्ष), निवासी ग्राम डिघोरा, थाना हिर्री, बिलासपुर

लूट के पैसे को आपस में बांट लिया था
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने छीने गए 21,000 रुपये को आपस में बांट लिया था, और मोबाइल को मंजित के पास रखा था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से 4,950 रुपये नकद, छीना हुआ ओप्पो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। अन्य दस्तावेजों को दोनों ने घटनास्थल के पास खेत में फेंक दिया था।

अभी भी एक आरोपी फरार
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। फिलहाल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है, जिसके लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!