नगरीय प्रशासन विभाग की सख्त कार्रवाई : CMO को किया निलंबित
भिंभौरी नगर पंचायत के प्रभारी सीएमओ श्रीनिवास द्विवेदी निलंबित, विभागीय कार्यों में लापरवाही पड़ी भारी
रायपुर (शिखर दर्शन) // नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने विभागीय कार्यों के प्रति उदासीनता और जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में दुर्ग जिले की भिंभौरी नगर पंचायत के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीनिवास द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई दुर्ग स्थित विभागीय क्षेत्रीय संयुक्त संचालक कार्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।
निलंबन आदेश में उल्लेख किया गया है कि श्री द्विवेदी अपने पद की गरिमा और जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे थे, जिससे नगर पंचायत के कार्य प्रभावित हो रहे थे। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।
निलंबन की अवधि में श्री द्विवेदी का मुख्यालय क्षेत्रीय संयुक्त संचालक कार्यालय, दुर्ग नियत किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
