युद्ध जैसी आपात स्थिति से निपटने को तैयार एमपी: सीएम हाउस में समीक्षा बैठक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए निर्देश
मध्यप्रदेश के पांच जिलों में युद्ध जैसी परिस्थिति से निपटने की तैयारी, कल होगा सिविल डिफेंस मॉकड्रिल
भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को सीएम हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य में होने वाली सिविल डिफेंस मॉकड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भविष्य की संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए प्रदेश को तैयार करना जरूरी है, और इसी उद्देश्य से मॉकड्रिल कराई जा रही है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉकड्रिल की शुरुआत प्रदेश के पांच प्रमुख जिलों — भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और कटनी — से की जा रही है। इसके बाद अन्य जिलों में भी ऐसी तैयारियों को विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि “राज्य की बेहतरी के लिए जो जरूरी होगा, वह हम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें एक मजबूत मध्यप्रदेश बनाना है।”
भोपाल में कल बजेगा सायरन, होगा ब्लैकआउट
राजधानी भोपाल के नेहरू नगर पुलिस लाइन क्षेत्र में बुधवार, 7 मई को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम 4 बजे चेतावनी सायरन बजेगा और शाम 7 से 8 बजे के बीच 10 मिनट का ब्लैकआउट किया जाएगा। यह मॉकड्रिल युद्ध जैसी आपात स्थिति के दौरान नागरिकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से की जा रही है, जिसमें यह बताया जाएगा कि हमले के समय किन सावधानियों का पालन किया जाना चाहिए।
केंद्र सरकार के निर्देशानुसार यह अभ्यास किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों के साथ-साथ प्रशासन भी संकट की घड़ी में सटीक प्रतिक्रिया देने के लिए पूरी तरह तैयार रह सके।
