भारत-पाक युद्ध और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल कल , सीएम साय ने कहा – “ईंट का जवाब पत्थर से देंगे”

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बढ़ी हुई भारत-पाक युद्ध की स्थिति और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सरकार के निर्देश पर कल देशभर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भी मॉक ड्रिल की जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा किए गए कायराना हमले का जवाब आतंकवादियों को भुगतना पड़ेगा, “ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।”
सीएम साय ने आगे कहा कि पहले ही इस तरह की घटनाओं का जवाब दिया गया था, लेकिन अब आतंकवादियों द्वारा किए गए दुस्साहसिक हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि अब कुछ बड़ा कदम उठाया जाएगा और इस बारे में जल्द ही कुछ बड़ा होगा।
सुशासन तिहार: 75 प्रतिशत आवेदन का समाधान, मुख्यमंत्री ने किया समीक्षा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जारी सुशासन तिहार के तीसरे चरण के तहत योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी जनता से ली। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 40 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 75 प्रतिशत आवेदन का समाधान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं इस दौरे पर निकलकर गांव-गांव में पेड़ के नीचे बैठकर चौपाल लगा रहे हैं और सरकारी योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। मंत्री, सांसद और विधायक भी जनता से संवाद करेंगे और योजनाओं की जानकारी देंगे।
किसान की सफलता: केला और पपीता से मुनाफा कमा रहे हैं किसान
मुख्यमंत्री ने बेमेतरा जिले के सहसपुर क्षेत्र में भी ग्रामीणों से फीडबैक लिया और बरगद की छांव में बैठकर ग्रामीणों के हाल-चाल जाने। उन्होंने क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन, हायर सेकंडरी स्कूल भवन और प्राचीन मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने किसानों की सफलता की भी सराहना की, विशेष रूप से रोहित साहू नामक किसान की, जो केला और पपीता की खेती से लाखों का मुनाफा कमा रहे हैं और 15-20 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कृषक साहू को सभी किसानों के लिए प्रेरणा बताया।
