मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बोर्ड परीक्षा में सफल छात्रों को दी शुभकामनाएं, बेटियों की उपलब्धियों पर जताया गर्व, असफल विद्यार्थियों को हिम्मत न हारने का संदेश

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन से परिणाम जारी करते हुए सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतिफल है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटियों ने एक बार फिर श्रेष्ठता सिद्ध कर अपने माता-पिता, शिक्षकों और पूरे मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।” हाईस्कूल परीक्षा में प्रज्ञा जायसवाल ने 500 में से 500 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रियल द्विवेदी ने विज्ञान-गणित समूह में 492 अंक प्राप्त कर टॉप किया।

इस वर्ष हाईस्कूल में 76.22 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी में 74.48 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। यह प्रदर्शन पिछले 15 वर्षों के सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया जो इस परीक्षा में असफल रहे। उन्होंने कहा, “निराश होने की आवश्यकता नहीं है। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत असफल विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। साथ ही जो छात्र अपने अंक सुधारना चाहते हैं, वे भी फिर से परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।”

अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!