मध्यप्रदेश

सरकारी स्कूल की होनहार छात्रा प्रियल द्विवेदी बनी प्रदेश की टॉपर, रिजल्ट में नाम देख नहीं हुआ यकीन, सिविल सर्विस में जाने का सपना

500 में से 492 अंक लाकर प्रदेश में किया टॉप

मैहर ( शिखर दर्शन ) //
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) द्वारा जारी 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 के परिणाम में इस बार बेटियों ने बाज़ी मारी है। पूरे प्रदेश में मैहर की प्रियल द्विवेदी ने टॉप कर एक मिसाल कायम की है। सरकारी कन्या शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अमरपाटन में पढ़ने वाली प्रियल ने गणित-विज्ञान समूह में 500 में से 492 अंक हासिल कर प्रदेश की टॉपर बनी हैं।

प्रियल की सफलता सिर्फ अंकों तक सीमित नहीं, बल्कि यह उनके कड़े परिश्रम और अनुशासन का प्रतिफल है। मोबाइल से दूरी बनाकर, केवल एक घंटे खेल में लगाकर और नियमित छह घंटे की पढ़ाई कर उन्होंने यह सिद्ध किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और नियमित अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।

टॉपर बनी तो नहीं हुआ यकीन

जब परिणाम आया और प्रियल का नाम प्रदेश की टॉपर के रूप में घोषित हुआ, तो उन्हें खुद भी विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “पहले तो लगा किसी और का नाम है। जब लोगों ने बताया कि मैंने टॉप किया है, तब यकीन हुआ।” इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, शिक्षक, विद्यालय और प्राचार्य को दिया।

छात्रों को बताया सफलता का मंत्र

प्रियल ने अन्य विद्यार्थियों को भी सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया और मोबाइल से दूरी बनाएं। NCERT की किताबों पर फोकस करें और रेगुलर स्टडी करें।”

जिले के अन्य छात्रों ने भी किया नाम रोशन

प्रियल के अलावा इसी जिले के हर्ष पांडेय ने विज्ञान संकाय में 479 अंक लाकर दूसरा स्थान हासिल किया है। निवाड़ी के दिव्य संस्कार शिक्षण संस्थान के अक्षय खरे ने कृषि समूह में 480 अंक पाकर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। वहीं पीथमपुर के कृष्ण प्रताप सिंह ने विज्ञान संकाय में पांचवां स्थान हासिल किया है।

बधाई देने उमड़े लोग

प्रदेशभर में इस साल 7 लाख 6 हजार छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 74.48% विद्यार्थी पास हुए हैं। प्रियल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके घर में खुशी का माहौल है। परिजन, शिक्षक और पड़ोसी उन्हें बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!