मध्यप्रदेश में मौसम का कहर जारी: 16 जिलों में ओले, 30 जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर से रौद्र रूप में नजर आ रहा है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश के 16 जिलों में ओले गिरने की संभावना है, जबकि 30 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।
बीते कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं कई जगह पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन जिलों में ओलावृष्टि का खतरा
मौसम विभाग ने ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में ओले गिरने की आशंका जताई है।
इन जिलों में झमाझम बारिश का अनुमान
इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, देवास और गुना में तेज बारिश होने की संभावना है।
गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश वाले जिले
अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, कटनी, सतना, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और पेड़ों व कच्चे निर्माणों से दूर रहें।
