छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, 21 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्टतेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना, तापमान में भी बढ़ोतरी के संकेत

रायपुर (शिखर दर्शन) // प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने आज मंगलवार को भी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अंधड़, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय द्रोणिकाएं हैं। एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान से लेकर उत्तर-पश्चिम राजस्थान तक लगभग 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा एक पूर्व-पश्चिम दिशा की द्रोणिका पूर्वी राजस्थान से उत्तर बांग्लादेश तक 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर और एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश से कर्नाटक तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इन मौसमी तंत्रों के चलते छत्तीसगढ़ में आंशिक राहतभरा मौसम बना हुआ है, हालांकि तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत भी मिल रहे हैं।
21 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में अगले तीन घंटों के भीतर तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, बीजापुर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कांकेर, कोंडागांव, महासमुंद, नारायणपुर, रायगढ़, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा शामिल हैं।
तापमान का हाल: रायपुर सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के भीतर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
