सीबीआई निदेशक चयन को लेकर PMO में अहम बैठक, राहुल गांधी, पीएम मोदी और CJI संजीव खन्ना कर रहे मंथन
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // देश की प्रमुख जांच एजेंसी सीबीआई (CBI) के नए निदेशक की नियुक्ति को लेकर दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, और भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) संजीव खन्ना ने हिस्सा लिया।
तीनों वरिष्ठ पदाधिकारियों की यह बैठक तीन सदस्यीय चयन समिति के तहत बुलाई गई थी, जिसका उद्देश्य सीबीआई के अगले निदेशक के नाम पर निर्णय लेना है। बैठक के दौरान संभावित उम्मीदवारों की योग्यता, अनुभव और एजेंसी की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श किया गया।
गौरतलब है कि यह चयन समिति देश की सर्वोच्च जांच एजेंसी के प्रमुख की नियुक्ति को लेकर सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई, हालांकि अंतिम निर्णय की औपचारिक घोषणा अब तक नहीं की गई है।
सीबीआई डायरेक्टर की नियुक्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए इस समिति का गठन किया गया है, जिसमें कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के प्रतिनिधि शामिल होते हैं।
