मध्यप्रदेश में फर्जी पहचान मामला: शिवा शर्मा बनकर लड़कियों से संबंध बनाता था इसराइल खान, लॉज में भी फेक आईडी का इस्तेमाल
दमोह (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के दमोह जिले में एक युवक द्वारा फर्जी नाम और पहचान के जरिए लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को ‘शिवा शर्मा’ बताकर न सिर्फ एक युवती को साथ रखा, बल्कि लॉज में ठहरने के लिए नकली आधार कार्ड का भी इस्तेमाल किया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामला गंभीर रूप लेता दिख रहा है।
फर्जी आधार कार्ड से लॉज में रुकने की कोशिश, पेमेंट में खुली सच्चाई

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के एवरेस्ट लॉज में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लड़की के साथ ठहरने की कोशिश कर रहा है। जांच के दौरान सामने आया कि युवक ने रुकने के लिए जो आईडी दी, वह फर्जी थी और नाम ‘शिवा शर्मा’ अंकित था। लेकिन जब होटल स्टाफ ने पेमेंट डिटेल्स जांची, तो मोबाइल नंबर से असली नाम ‘इसराइल खान’ सामने आ गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
कई लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने का संदेह, पुलिस कर रही पूछताछ
आरोपी युवक मूलतः पन्ना जिले का रहने वाला है। पुलिस को शक है कि उसने मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से कई हिंदू लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाया है। सीएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छलपूर्वक पहचान छिपाकर संबंध बनाने और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे
पुलिस अब आरोपी से उसके दमोह आने के उद्देश्य और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही है। इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं मामला सुनियोजित गिरोह से जुड़ा तो नहीं है।
