एमपी में बदला मौसम का मिजाज: कुछ जिलों में तेज गर्मी, तो कहीं बारिश और आंधी का अलर्ट

शुक्रवार को 40 से अधिक जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, गर्मी से झुलस रहे कई इलाके
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम दो रंग दिखा रहा है। एक ओर प्रदेश के कई जिलों में तेज धूप और भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से मौसम ठंडा हो गया है। शुक्रवार को भी राज्य के अनेक जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कुछ हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर बना रहेगा।
इन जिलों में हो सकती है बारिश और आंधी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश का मौसम पलट गया है। शुक्रवार को भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, दमोह, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, कटनी, मैहर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
गुरुवार को डिंडोरी में गिरे ओले, इन जिलों में हुई हल्की बारिश
गुरुवार को प्रदेश के डिंडोरी जिले में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि उज्जैन, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, सतना, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, मैहर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, छिंदवाड़ा, पन्ना, रीवा, मऊगंज, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, राजगढ़ और रतलाम में हल्की बारिश देखने को मिली।
इन जिलों में झुलसा देने वाली गर्मी
बारिश के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर है। शाजापुर में सबसे अधिक तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम में 43.6, उज्जैन में 43.4, गुना और नरसिंहपुर में 43.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
राजधानी भोपाल में तापमान 42.5 डिग्री, इंदौर में 42, जबलपुर में 40.2, और ग्वालियर में 39.6 डिग्री रहा। प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी पारा 41 डिग्री या उससे अधिक बना हुआ है।
