रायपुर संभाग

आतंकी हमले में शहीद दिनेश मिरानिया के परिजनों को मिलेगी 20 लाख की सहायता, CM साय बोले – दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा

आतंकी हमले में मारे गए रायपुर के दिनेश मिरानिया के परिवार को साय सरकार देगी 20 लाख की सहायता, CM बोले- यह अपूरणीय क्षति है
रायपुर (शिखर दर्शन) // जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में शहीद हुए रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया के परिवार को छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने 20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक अपूरणीय क्षति है और पूरे प्रदेश की संवेदनाएं इस मुश्किल समय में मिरानिया परिवार के साथ हैं।

सीएम साय ने ट्वीट कर लिखा, “दिनेश मिरानिया की हत्या अत्यंत पीड़ादायक है। यह एक अपूरणीय क्षति है। राज्य सरकार स्व. दिनेश मिरानिया के शोकाकुल परिवार को 20 लाख रुपए की सहायता देगी। पूरा प्रदेश इस दुःखद घड़ी में उनके परिवार के साथ है। जिन आतंकवादियों ने इस घृणित कार्य को अंजाम दिया है, उन्हें सजा अवश्य मिलेगी।”

बताया गया कि दिनेश मिरानिया (45) अपनी शादी की सालगिरह पर परिवार सहित कश्मीर की बैसरन घाटी घूमने गए थे। उनके साथ पत्नी नेहा, बेटा शौर्य और बेटी लक्षिता भी थीं। परिवार इस विशेष दिन को यादगार बनाने की खुशी में डूबा ही था कि तभी आतंकियों ने अचानक हमला कर गोलियों से दिनेश को छलनी कर दिया। इस दर्दनाक हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया।

हमले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पहलगाम पहुंचकर मिरानिया की पत्नी और बच्चों से मुलाकात की थी। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि मासूम और बेगुनाह नागरिकों पर हमला करने वाले आतंकियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

छत्तीसगढ़ सरकार की इस सहायता राशि की घोषणा से शोकग्रस्त परिवार को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन इस अमूल्य जान की क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!