मध्यप्रदेश

भोपाल में ‘रेप जिहाद’ मामला गरमाया: लव जिहाद को लेकर नेताओं के तीखे तेवर, आरोपी के पिता और क्लब संचालक ने दी सफाई

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘अजमेर कांड पार्ट-2’ जैसे बहुचर्चित रेप जिहाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। जहां एक ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता इस घटना को लव जिहाद का सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आरोपी फरहान के परिजन और क्लब संचालक खुद को इस मामले से अलग बताते हुए अपनी सफाई पेश कर रहे हैं।

रामेश्वर शर्मा बोले— लव जिहाद को मिल रही फाइनेंसिंग, अपराधियों की ‘कमर तोड़ने’ का समय आ गया

भोपाल के हुज़ूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा बयान देते हुए कहा कि, “लव जिहाद पर अब चौतरफा हमला होगा। इस अपराध की कमर तोड़नी होगी। इसके पीछे एक पूरा संगठित गिरोह काम कर रहा है। कोई मुल्ला हो, मौलवी हो, नेता या अभिनेता—सभी को कुचलना होगा। यह केवल दो लड़कों की करतूत नहीं, बल्कि गहरी साजिश है।”
उन्होंने कहा कि लव जिहाद को आर्थिक सहयोग भी मिल रहा है। “जो लोग सरकारी जमीनों पर बिना किसी वैध आय के बड़ी-बड़ी बिल्डिंगें खड़ी कर रहे हैं, वे सब संदेह के घेरे में हैं,” उन्होंने आरोप लगाया।

सांसद आलोक शर्मा बोले— लव जिहादियों की नसबंदी हो, लोकसभा में उठाएंगे मामला

भोपाल से भाजपा सांसद आलोक शर्मा ने भी मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह केवल भोपाल की नहीं, पूरे देश की समस्या है। उन्होंने कहा, “रहीम नाम बदलकर राम बनकर मासूम बच्चियों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे लोगों की नसबंदी होनी चाहिए ताकि दोबारा वे समाज को नुकसान न पहुंचा सकें।”
उन्होंने यह भी बताया कि वह इस मुद्दे को लोकसभा में उठाएंगे और राज्य के कॉलेज-स्कूलों में जाकर छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे।

आरोपी के पिता बोले— बेटा दोषी है तो कड़ी सजा मिले, हमारा पर्दानशीं परिवार शर्मिंदा है

आरोपी फरहान के पिता ने मीडिया के सामने आकर कहा, “अगर मेरा बेटा दोषी है, तो उसे ऐसी सजा दी जाए कि दोबारा कोई ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे। हमारा परिवार महिलाओं को पर्दे में रखता है, हम सोच भी नहीं सकते थे कि फरहान ऐसा कुछ करेगा। हम शर्मिंदा हैं और न्याय प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे।”

क्लब 90 पर लव जिहाद के आरोपों को संचालक ने बताया निराधार

विवाद में घसीटे गए भोपाल के क्लब 90 के संचालक मोहित सिंह बघेल ने कहा कि उनके रेस्टोरेंट का लव जिहाद से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, “यह एक फैमिली लॉन रेस्टोरेंट है। यहां न तो कोई अनैतिक गतिविधि होती है, न नमाज पढ़ाई जाती है। कुछ छोटे राजनीतिक दल, जो प्रोटेक्शन मनी नहीं मिलने से नाराज हैं, वे झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। क्लब 90 पर किसी भी तरह की सरकारी कार्रवाई की खबरें भी केवल अफवाह हैं।”

राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप

यह मामला न केवल मध्यप्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, बल्कि लव जिहाद और धर्मांतरण के मुद्दे पर एक बार फिर सियासत को गरमा रहा है। भाजपा के नेता इसे एक सुनियोजित अपराध बता रहे हैं, तो पीड़िता के परिवार और समाज में भी भारी आक्रोश है। वहीं प्रशासन पर इस पूरे प्रकरण में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!