तेज आंधी में भरभराकर गिरी राइस मिल की छत, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे साथी कर्मचारी
बेमेतरा (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गुरुवार दोपहर के बाद अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। बेमेतरा जिले के ग्राम राखी में स्थित सूरज राइस मिल में इस तूफान का कहर उस वक्त देखने को मिला, जब मिल की छत तेज हवा के दबाव से अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दो मजदूर छत के नीचे काम कर रहे थे, जो मलबे में दबकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
घटना की जानकारी मिलते ही साजा थाना और देवकर चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इधर, हादसे के बाद मिल में काम कर रहे अन्य मजदूर गुस्से में हैं। मृतकों के परिजनों के साथ सभी मजदूर मिल गेट पर धरने पर बैठ गए हैं और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग की अपील कर रहा है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है, वहीं मिल प्रबंधन से भी जवाब-तलब की तैयारी की जा रही है।
