गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में जबरन नमाज प्रकरण में बड़ी कार्रवाई, NSS प्रभारी दिलीप झा गिरफ्तार, 8 अन्य अधिकारियों पर भी FIR
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) के एनएसएस कैंप में जबरन नमाज पढ़वाने के आरोपित तत्कालीन एनएसएस प्रभारी प्रो. दिलीप झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर कोटा पुलिस ने यह कार्रवाई की। फिलहाल झा से पूछताछ जारी है। मामले में झा सहित कुल 9 कार्यक्रम अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
यह मामला 26 मार्च से 1 अप्रैल 2025 तक कोटा के ग्राम शिवतराई में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर से जुड़ा है। शिविर में कुल 159 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें केवल 4 छात्र मुस्लिम समुदाय से थे। आरोप है कि 31 मार्च को ईद के दिन कुछ छात्रों को जबरन नमाज पढ़ने के लिए बाध्य किया गया। घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और अन्य हिंदू संगठनों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया था।
विवाद गहराने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्कालीन समन्वयक दिलीप झा को पद से हटाकर प्रो. राजेंद्र कुमार मेहता को नया एनएसएस प्रभारी नियुक्त किया। साथ ही 12 अन्य कार्यक्रम अधिकारियों को भी शिविर से हटाया गया।
अब पुलिस की कार्रवाई ने इस मामले को नया मोड़ दे दिया है। सूत्रों का कहना है कि धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन और जबरन धार्मिक गतिविधियों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। मामला अब कानून और विश्वविद्यालय की गरिमा दोनों के लिहाज से संवेदनशील हो गया है।



