कुछ जिलों में बारिश तो कुछ में हीट वेव का खतरा, जानिए आज का मौसम अपडेट

कहीं बारिश तो कहीं लू का कहर: रतलाम, नीमच, मंदसौर में हीटवेव की चेतावनी, 40 जिलों में हो सकती है बूंदाबांदी
भोपाल (शिखर दर्शन) //
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में जहां बारिश और आंधी का असर देखने को मिल रहा है, वहीं कुछ जिलों में तेज गर्मी और लू ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने बुधवार को रतलाम, नीमच और मंदसौर में हीटवेव की चेतावनी जारी की है, जबकि सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, शहडोल और अनूपपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में इस समय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय है। साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ की स्थिति के कारण पिछले कुछ दिनों से कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है। 2 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर आगामी तीन दिनों तक रह सकता है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 2 और 3 मई को मध्य प्रदेश के लगभग 40 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। खासतौर पर राजस्थान और गुजरात सीमा से सटे जिलों में लू चलने का खतरा बना हुआ है।
मंगलवार को सिंगरौली, सिवनी, दमोह, पन्ना और अनूपपुर में तेज आंधी आई, जबकि मंडला में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। वहीं सतना, सीधी, सीहोर, शहडोल, रीवा, कटनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, रायसेन, भोपाल, नर्मदापुरम, बैतूल, मैहर, उमरिया, जबलपुर, डिंडौरी, सागर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा सहित कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा।
29 अप्रैल को प्रदेश के 20 शहरों में अधिकतम तापमान 40 से 43.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल में तापमान 41.8 डिग्री, इंदौर में 42.6 डिग्री, उज्जैन में 43 डिग्री, जबलपुर में 40 डिग्री और ग्वालियर में 38.8 डिग्री दर्ज किया गया।
आगामी दिनों में लोगों को गर्मी और लू से सतर्क रहने की जरूरत है, जबकि जिन इलाकों में बारिश की संभावना है, वहां जलभराव और तेज हवाओं से सतर्कता जरूरी होगी।
