छत्तीसगढ़ में राहतभरी गर्मी: अंधड़, ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ कई जिलों में बारिश के आसार , मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम ने करवट ली है और गर्मी से राहत बनी हुई है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश से होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक फैली हुई है, जो लगभग 0.9 से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इस द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम अस्थिर बना हुआ है। इसके कारण कुछ इलाकों में हल्की बारिश अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर अंधड़, वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
छत्तीसगढ़ के लोगों को आने वाले दिनों में गर्मी से राहत के साथ-साथ सावधानी भी बरतने की जरूरत है, विशेषकर अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए।