पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का विवादित बयान, छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा को बताया ‘बगावत’
रायपुर (शिखर दर्शन) // पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर भारत के खिलाफ विवादित बयान दिया है। पाकिस्तानी मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में पाकिस्तान की कोई भूमिका नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करते हुए छत्तीसगढ़ का भी जिक्र किया और राज्य में जारी नक्सली हिंसा को ‘बगावत’ करार दिया।
आसिफ ने कहा, “भारत के नागालैंड, मणिपुर और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में लोग दिल्ली की सरकार के खिलाफ हथियार उठा रहे हैं और अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। पाकिस्तान का इससे कोई संबंध नहीं है, यह पूरी तरह से भारत के भीतर की समस्या है।”
ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाया कि भारत की ‘हिंदुत्व वाली सरकार’ अल्पसंख्यकों, जिनमें मुसलमान, ईसाई और बौद्ध शामिल हैं, का शोषण कर रही है, जिसके कारण ऐसे घटनाएं और विरोध बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को अपने आंतरिक मुद्दों के लिए दूसरों को दोष देना आसान लगता है।
आतंकवाद को लेकर आसिफ ने मानी गलती
इस बयान के साथ ही ख्वाजा आसिफ ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की भूमिका पर भी टिप्पणी की। उन्होंने हाल ही में एक ब्रिटिश मीडिया इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि पाकिस्तान पिछले 30 सालों से आतंकवादियों को समर्थन और प्रशिक्षण दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब पाकिस्तान ने अमेरिका और पश्चिमी देशों के दबाव में किया था, और अब उसे इसका परिणाम भुगतना पड़ रहा है। आसिफ ने कहा कि यदि पाकिस्तान सोवियत यूनियन के खिलाफ युद्ध में शामिल न होता और 9/11 के बाद की घटनाएं न होतीं, तो आज पाकिस्तान का रिकॉर्ड साफ होता।
