मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज करेंगे ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025’ का शुभारंभ, इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में जुटेंगे वैश्विक टेक लीडर्स

इंदौर (शिखर दर्शन) //
मध्य प्रदेश को टेक्नोलॉजी और डिजिटल इनोवेशन के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से आज 27 अप्रैल को ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025’ का आयोजन इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस भव्य कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में Google, Microsoft और NVIDIA जैसी प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि, साथ ही 300 से अधिक टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स, उद्योगपति, नीति निर्माता और निवेशक शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर उम्मीद जताई है कि यह आयोजन प्रदेश में बड़े निवेश को आकर्षित करेगा और मध्यप्रदेश को टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएगा।

कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री चार नई नीतियों – GCC नीति, ड्रोन नीति, सेमीकंडक्टर नीति और AVGC-XR नीति के लिए गाइडलाइन्स जारी करेंगे, जिनसे प्रदेश में नवाचार और निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री नए IT पार्क, स्किल डेवलपमेंट सेंटर्स और स्टार्टअप इन्क्यूबेटरों का भूमि पूजन करेंगे, और ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ तथा इन्क्यूबेशन हब का शुभारंभ भी किया जाएगा। साथ ही, एक ‘इंवेस्टमेंट फैसिलिटेशन पोर्टल’ लॉन्च किया जाएगा, जिससे प्रोजेक्ट्स की रियल-टाइम ट्रैकिंग और सिंगल विंडो सुविधा प्राप्त होगी।
कॉन्क्लेव के दौरान राउंड टेबल मीटिंग्स, सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार बोर्ड के साथ वर्चुअल संवाद और मुख्यमंत्री की टेक लीडर्स के साथ वन-टू-वन बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। यह कॉन्क्लेव मध्यप्रदेश को डिजिटल भारत के भविष्य में अग्रणी बनाने के दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
