आतंकी हमले के बाद आज पहली बार ‘मन की बात’ करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री साय राजधानी में विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे भाग, कश्मीर में फंसे 35 लोग लौटेंगे छत्तीसगढ़

रायपुर (शिखर दर्शन) // देश में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पहली बार ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देशवासियों से संवाद करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न शपथ ग्रहण समारोह और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसी के साथ पहलगाम हमले के बाद कश्मीर में फंसे छत्तीसगढ़ के 35 लोग आज प्रदेश लौटने वाले हैं। राजधानी में आज कई अन्य प्रमुख कार्यक्रम और आयोजन भी दिन को खास बना रहे हैं। आइए डालते हैं आज की मुख्य घटनाओं पर एक नजर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दौरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
- दोपहर 2:05 बजे: शहीद भगत सिंह चौक में “छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड” के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे।
- दोपहर 3:00 बजे: दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में “छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड” के अध्यक्ष जितेंद्र साहू के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- दोपहर 4:00 बजे: अघरिया समाज के वार्षिक उत्सव एवं स्नेह सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
- शाम 5:00 बजे: मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
कश्मीर से लौटेंगे छत्तीसगढ़ के 35 नागरिक
पहलगाम आतंकी हमले के बाद कश्मीर में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों में से 38 लोग पहले ही सुरक्षित लौट चुके हैं। आज सुबह 9:30 बजे राजधानी एक्सप्रेस से 35 और लोग छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे ‘मन की बात’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11:00 बजे ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 121वां संस्करण प्रस्तुत करेंगे। यह कार्यक्रम हालिया आतंकी हमले के बाद उनकी पहली सार्वजनिक बातचीत होगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर ‘मन की बात’ सुनने के लिए जुटेंगे।
उप अभियंता भर्ती परीक्षा आज
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत उप अभियंता (सिविल एवं यांत्रिक) पदों के लिए व्यापमं द्वारा परीक्षा आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा पहले मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ परीक्षा केंद्र में पहुंचना अनिवार्य है।
नर्सिंग शिक्षकों के लिए कार्यशाला कल से
पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय में 28 अप्रैल से 2 मई तक “केपिसिटी बिल्डिंग ट्रेनिंग प्रोग्राम फॉर नर्स एजुकेटर” विषय पर कार्यशाला होगी। उद्घाटन समारोह में इंडियन नर्सिंग काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. टी. दिलीप कुमार शामिल होंगे।
खेल समाचार
टी-20 क्रिकेट मुकाबला: रायपुर को प्लेट कम्बाइंड ने हराया
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीनियर एलीट ग्रुप टी-20 टूर्नामेंट में रायपुर को प्लेट कम्बाइंड टीम ने 3 विकेट से हराया। रायपुर ने आयुष पांडेय (58 रन) और सानिध्य हुरकत (49 रन) की मदद से 206 रन बनाए थे, जिसे प्लेट कम्बाइंड ने कृष चोपड़ा के नाबाद 83 रनों की बदौलत हासिल कर लिया।
हॉकी ट्रायल में उमड़ी भीड़
रायपुर में आयोजित हॉकी बोर्डिंग एकेडमी के ट्रायल में 317 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें मुंबई, राजस्थान, ओडिशा और मध्यप्रदेश के ग्वालियर से भी खिलाड़ी आए। वहीं, एथलेटिक्स बोर्डिंग एकेडमी के ट्रायल में भी 135 बच्चों ने भागीदारी की।
राजधानी के अन्य आयोजन
अग्रसेन महाविद्यालय में एल्युमनी मीट
पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन महाविद्यालय में आज एल्युमनी मीट का आयोजन हो रहा है। इस अवसर पर रॉक बैंड की विशेष प्रस्तुति भी होगी। महाविद्यालय के सभी पूर्व छात्र इसमें आमंत्रित हैं।
महाकोशल कला परिषद में राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी
‘अंतर्नाद’ राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी आज सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक महाकोशल कला वीथिका में आयोजित की जाएगी।
अमलेश्वर में श्रीराम कथा महोत्सव
अमलेश्वर में आचार्य पं. युवराज पांडेय की वाणी से श्रीराम कथा महोत्सव का आज शुभारंभ हो रहा है। कथा से पूर्व 300 से अधिक मातृशक्तियां मंगल कलश यात्रा निकालेंगी।
खम्हारडीह-शंकरनगर में श्री शिव महापुराण कथा
रामलीला चौक, खम्हारडीह-शंकरनगर में आज अपरान्ह 3 बजे से शाम 6 बजे तक हलधर नाथ योगी के वाणी से श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा।
