सागर महापौर संगीता तिवारी को बीजेपी का कारण बताओ नोटिस, मनमानी टीम गठन पर जताई नाराजगी

एमआईसी में मनमानी पर सागर महापौर संगीता तिवारी को कारण बताओ नोटिस, 3 दिन में मांगा स्पष्टीकरण
सागर (शिखर दर्शन) // सागर की महापौर संगीता तिवारी को भारतीय जनता पार्टी संगठन ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तिवारी पर आरोप है कि उन्होंने एमआईसी (मेम्बर इन काउंसिल) के दो सदस्यों को हटाकर मनमाफिक टीम का गठन किया। इस निर्णय से असहमति जताते हुए पूर्व मंत्री शरद जैन और लता वानखेड़े ने संगठन से शिकायत कर दी, जिसमें आरोप लगाया गया कि उनके समर्थकों को मनपसंद तरीके से बाहर कर दिया गया है।
संगठन द्वारा महापौर तिवारी को स्पष्टीकरण के लिए भोपाल बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं। उनकी अनुपस्थिति को अनुशासनहीनता माना गया। इसके बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी भगवानदास सबनानी ने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के निर्देश पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। महापौर संगीता तिवारी को तीन दिन के भीतर प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। तय समयसीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
—————————————————————–
