‘पहलगाम’ पर नेपाल भी उबला, काठमांडू स्थित पाकिस्तानी दूतावास के बाहर जोरदार प्रदर्शन
काठमांडू (शिखर दर्शन) //
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 भारतीयों के साथ एक नेपाली पर्यटक की भी मौत हो गई थी, जिससे नेपाल में गहरा आक्रोश फैल गया है। हमले के बाद राजधानी काठमांडू में नागरिकों ने पाकिस्तान दूतावास के सामने विरोध-प्रदर्शन किया और अपनी नफरत और गुस्से का इजहार किया।
यह विरोध प्रदर्शन नागरिक युवा शक्ति नेपाल के बैनर तले हुआ, जिसमें अधिकतर युवा शामिल थे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बुटावल के 27 वर्षीय सुदीप नेउपाने की तस्वीर और तख्तियां थीं, जो इस हमले में शहीद हो गए थे। प्रदर्शनकारियों ने ‘इस्लामिक आतंकवाद मुर्दाबाद’, ‘आतंकवादी को सजा दो’, और ‘हिंदुओं की हत्या बंद करो’ जैसे जोरदार नारे लगाए।
इसके साथ ही, शनिवार को राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी ने भी एक अलग विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया, जिसमें हमले की कड़ी निंदा की गई। नेपाल के नागरिकों ने यह सुनिश्चित करने की मांग की कि ऐसे आतंकवादी हमलों को रोका जाए और दोषियों को सख्त सजा मिले।

यह विरोध-प्रदर्शन पाकिस्तान से आतंकवाद के बढ़ते खतरे और नेपाली नागरिकों के जीवन की सुरक्षा की चिंता को लेकर था।
