बालोद में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा, पेयजल और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
रायपुर (शिखर दर्शन) // उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने एक दिवसीय बालोद प्रवास के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास, लोक निर्माण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बालोद कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौजूदा ग्रीष्म ऋतु में जिलेवासियों को पेयजल एवं निस्तारी जल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए पर्याप्त जल आपूर्ति की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
साव ने सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंताओं को इस कार्य को विशेष प्राथमिकता से करने को कहा। उन्होंने पूर्वानुमान के आधार पर समस्याओं के समयपूर्व निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सांसद भोजराज नाग भी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने बालोद जिले के नगरीय निकायों में 15वें वित्त आयोग के तहत किए जा रहे कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति और अटल परिसरों के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बालोद नगर पालिका के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को जिला मुख्यालय के अनुरूप बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा शहरवासियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सिटी डेव्हलपमेंट प्लान की प्रगति की जानकारी ली और निर्देशित किया कि इसे शहरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार किया जाए। साथ ही, उन्होंने “सुशासन तिहार” के तहत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण पर बल दिया और अधिकारियों को नगर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने को कहा।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन गांवों में हैंडपंप खराब हैं, वहां वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि बालोद जिले के लिए 70 नए ट्यूबवेल स्वीकृत किए गए हैं, जिससे गर्मी के मौसम में जल संकट से निपटा जा सकेगा।
लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए साव ने सभी निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए शासन-प्रशासन की सकारात्मक छवि स्थापित करने और नागरिकों में विश्वास का भाव जागृत करने को कहा।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित बालोद जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
