नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ा ऑपरेशन: भीषण गर्मी में सुरक्षाबल जंगलों में डटे, 15 से ज्यादा जवानों की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
बीजापुर (शिखर दर्शन) //
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में चल रही अब तक की सबसे बड़ी एंटी नक्सल ऑपरेशन के चौथे दिन भी सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। कर्रेगुट्टा पहाड़ी में नक्सलियों के खिलाफ हो रही इस मुठभेड़ में लगभग 5 हजार जवानों ने नक्सलियों के बड़े लीडरों को घेर लिया है। सुरक्षाबल लगातार नक्सलियों के खिलाफ बमबारी और गोलीबारी कर रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। अब तक 5 नक्सलियों को ढेर किया जा चुका है, जिनमें से 3 के शव और हथियार बरामद किए गए हैं।
हालांकि, इस कठिन ऑपरेशन में जवानों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 15 जवान लू की चपेट में आ गए हैं और उन्हें इलाज के लिए तेलंगाना के वेंकटापुरम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, मुठभेड़ में शामिल कई जवान डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें पर्याप्त पानी और ग्लूकोज की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

जानकारी के मुताबिक, नडपल्ली और गलगम की पहाड़ियों पर 100 से ज्यादा नक्सली मौजूद हैं, जिसमें PLGA और कम्पनी नंबर-1 के कई बड़े नक्सली लीडर शामिल हैं। हिड़मा, देवा, सहदेव और केशव जैसे नक्सली नेताओं की भी उपस्थिति बताई जा रही है। सुरक्षाबल नक्सलियों को पूरी तरह घेरने के लिए ऑपरेशन को तेज कर रहे हैं।