दुर्ग संभाग

मां बम्लेश्वरी रोपवे हादसा: ट्रॉली गिरने से रामसेवक पैकरा समेत 4 भाजपा नेता घायल, मंदिर परिसर में अफरा-तफरी

डोंगरगढ़ (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में शुक्रवार को मां बम्लेश्वरी मंदिर के रोपवे में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के पहाड़ी मार्ग पर स्थित रोपवे की ट्रॉली अचानक रोप से टूटकर नीचे गिर गई, जिससे ट्रॉली में सवार भाजपा के वरिष्ठ नेता घायल हो गए। हादसे के समय ट्रॉली में पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा, भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, भाजपा नेता मनोज अग्रवाल और दया सिंह सवार थे।

हादसे में सभी नेताओं को चोटें आई हैं, जिनमें भरत वर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तुरंत राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं पूर्व मंत्री पैकरा को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये सभी नेता मां बम्लेश्वरी के दर्शन हेतु रोपवे से पहाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में ट्रॉली की केबल अचानक टूट गई और वह नीचे गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

हादसे के बाद रोपवे सेवा को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।

गौरतलब है कि डोंगरगढ़ के इस रोपवे में यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी कई बार तकनीकी खामियों और रखरखाव की लापरवाही के चलते घटनाएं हो चुकी हैं। हर बार हादसे के बाद व्यवस्थाओं में सुधार के दावे किए जाते हैं, लेकिन सवाल अब भी वही है — आखिर कब सुधरेगी डोंगरगढ़ रोपवे व्यवस्था?


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!