दुर्ग के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कार्यभार संभाला.. पुलिस अधिकारियों से की बैठक, बेसिक पुलिसिंग पर जोर

दुर्ग (शिखर दर्शन) // भारतीय पुलिस सेवा के 2012 बैच के अधिकारी विजय अग्रवाल ने बुधवार शाम 5:30 बजे दुर्ग जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण किया। एसएसपी कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी गई।
एसएसपी के रूप में यह विजय अग्रवाल का पांचवां जिला है। कार्यभार ग्रहण करने के कुछ समय बाद ही वे अमलेश्वर में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। रात्रि 9 बजे वे सेक्टर-6 स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष के सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक लेंगे।
पदभार ग्रहण के पश्चात नवपदस्थ एसएसपी विजय अग्रवाल ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके अधीनस्थ थाना-चौकियों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसिंग की मूलभूत संरचना को मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम और समयबद्ध निराकरण के लिए प्रभावी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
विजय अग्रवाल छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा में अपनी सुदृढ़ बुनियादी पुलिसिंग और उत्कृष्ट जांच क्षमता के लिए पहचाने जाते हैं। नियमित थानों का निरीक्षण, देर रात गश्त और थानेदारों की सघन मॉनिटरिंग उनकी कार्यशैली का हिस्सा है। अपने पूर्ववर्ती जिलों में उन्होंने कई जटिल मामलों को सफलतापूर्वक सुलझाया है।
जशपुर से एसपी के रूप में अपना कार्यकाल आरंभ करने वाले विजय अग्रवाल इसके बाद जांजगीर-चांपा, सरगुजा और बलौदा बाजार-भाटापारा जिलों में पदस्थ रहे हैं। राजधानी रायपुर में वे लंबे समय तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। साथ ही, दुर्ग जिले में भी वे पूर्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के रूप में कार्य कर चुके हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिलाई-दुर्ग शहर सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग चिराग जैन, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी हरीश पाटिल, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हेम प्रकाश नायक, डीएसपी हेडक्वार्टर अलेक्जेंडर किरो, डीएसपी लाइन चंद्र प्रकाश तिवारी, डीएसपी क्राइम अजय सिंह एवं प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।