राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला, 26 लोगों की मौत, पुलवामा के बाद सबसे बड़ा हमला, पीएम मोदी ने सऊदी अरब दौरा स्थगित कर स्वदेश लौटने का निर्णय लिया।

जम्मू-कश्मीर (शिखर दर्शन) // जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गए हैं। यह हमला पहलगाम के बैसारन घाटी इलाके में हुआ, जब दो आतंकवादियों ने सेना की वर्दी पहनकर हमला किया। हमलावरों ने मौके पर मौजूद पर्यटकों से धर्म पूछा और फिर टारगेट किलिंग शुरू कर दी। हमले में 50 राउंड से ज्यादा फायरिंग की गई। मरने वालों में यूपी, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, और ओडिशा के पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा, एक नेपाल और एक यूएई के टूरिस्ट और दो लोकल लोग भी मारे गए हैं।

इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के विंग द रजिस्टेंट फ्रंट (TRF) ने ली है। 2019 में हुए पुलवामा हमले के बाद यह जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ा आतंकी हमला है, जिसमें 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। पहलगाम हमले के बाद देश के अन्य शहरों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी की सऊदी अरब यात्रा रद्द

हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सऊदी अरब यात्रा को बीच में ही छोड़ दिया और स्वदेश लौट आए। वे आज अल सुबह दिल्ली पहुंचे।

ऑपरेशन शुरू, आतंकियों की तलाश जारी

हमले के बाद सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर ऑपरेशन शुरू कर दिया है। NIA की टीमें दिल्ली और जम्मू से रवाना हो रही हैं, और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। आर्मी, सीआरपीएफ, एसओजी, और जम्मू पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है, और हेलीकॉप्टर तथा ड्रोन का इस्तेमाल कर आतंकवादियों की तलाश की जा रही है। पहलगाम में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन खत्म होने के बाद एनआईए की टीम मौके पर पहुंचेगी। इस बीच, पहलगाम अस्पताल से मारे गए लोगों के शवों को श्रीनगर भेज दिया गया है।

आतंकियों ने नकली पुलिस वर्दी पहनी थी

हमले के दौरान आतंकियों ने पुलिस की नकली वर्दी पहनी हुई थी, जिससे शुरुआती तौर पर पर्यटकों को उन पर शक नहीं हुआ। हालांकि, जब आतंकियों ने हिंदू पर्यटकों की पहचान पूछकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी, तो भगदड़ मच गई। आतंकवादियों ने खासकर उन हिंदू पुरुषों को निशाना बनाया, जो अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। कुछ महिलाओं के पतियों पर हमला करने के बाद वे रोती हुई दिखीं। महाराष्ट्र के पुणे से पहलगाम घूमने आईं आसावरी ने बताया कि हमलावरों ने सिर्फ पुरुषों को निशाना बनाया और हिंदू पुरुषों से जबरन कलमा पढ़वाने की कोशिश की। जो नहीं पढ़ पाए, उन्हें गोली मार दी गई।

इंडिगो की ट्रैवल एडवाइजरी

इंडिगो एयरलाइंस ने श्रीनगर और जम्मू से यात्रा करने वालों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने कहा, “हम श्रीनगर और जम्मू से यात्रा करने वालों को उनकी यात्रा योजनाओं में किसी भी मुश्किल से निपटने में सहायता देने के लिए तैयार हैं।” साथ ही, एयरलाइन ने यात्रा में बदलाव और रद्दीकरण के लिए 30 अप्रैल तक छूट दी है।

अमरनाथ यात्रा के लिए अहम पहलगाम रूट

आतंकी हमले के बावजूद, पहलगाम रूट अमरनाथ यात्रा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। 3 जुलाई से शुरू होने वाली यह यात्रा 9 अगस्त तक चलेगी। पहलगाम से गुफा तक पहुंचने में 3 दिन का समय लगता है, और यह मार्ग आसान है। पहलगाम से पहला पड़ाव चंदनवाड़ी है, जो बेस कैंप से 16 किमी दूर है। यहां से चढ़ाई शुरू होती है, और तीन किमी बाद पिस्सू टॉप पर यात्रा पहुंचती है। इसके बाद यात्रा शेषनाग और पंचतरणी होते हुए गुफा तक पहुंचती है।

आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई

जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने राज्य में सुरक्षा को और कड़ा कर दिया है। सभी प्रमुख स्थलों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है और सुरक्षाबल लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!