मुख्यमंत्री साय ने UPSC में चयनित अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं, बोले – युवाओं ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव

रायपुर (शिखर दर्शन) //
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ के होनहार अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं की कड़ी मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास का परिणाम है, जिसने न केवल उनके परिवारों बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि चयनित अभ्यर्थी पूरी ईमानदारी और समर्पण भाव से देश और प्रदेश की सेवा करेंगे तथा शासन प्रशासन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रेरणा का स्रोत है, जो अन्य युवाओं को भी बड़े लक्ष्य हासिल करने की दिशा में प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बिलासपुर की पूर्वा अग्रवाल से दूरभाष पर संवाद कर उन्हें 65वीं रैंक हासिल करने पर बधाई दी। उन्होंने पूर्वा के दृढ़ निश्चय, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा में उनका चयन समूचे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के अन्य सफल अभ्यर्थियों – मुंगेली के अर्पण, बस्तर की मानसी और अंबिकापुर के केशव की भी सराहना की और सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे इन सफल प्रतिभाओं से प्रेरणा लें तथा कठिन परिश्रम और संकल्प के साथ अपने सपनों को साकार करें।