रायपुर संभाग

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में आतंकियों का कहर, रायपुर के बिजनेसमैन को मारी गोली, हालत गंभीर

घुड़सवारी कर रहे थे पर्यटक, अचानक चलीं गोलियां – रायपुर का परिवार बना निशाना

रायपुर (शिखर दर्शन) // जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए एक बड़े आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी निवासी व्यवसायी दिनेश मिरानिया को गोली लगने की पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, दिनेश मिरानिया अपनी पत्नी नेहा मिरानिया और दो बच्चों शौर्य और लक्षिता के साथ पहलगाम घूमने गए थे। इसी दौरान वे परिवार सहित घुड़सवारी कर रहे थे, तभी आतंकियों ने अचानक पर्यटकों के समूह पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

इस हमले में दिनेश मिरानिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बेटे शौर्य मिरानिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके पिता को गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में दिनेश मिरानिया का इलाज अनंतनाग के जिला अस्पताल में चल रहा है, हालांकि उनकी स्थिति को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आतंकी करीब तीन से पांच मिनट तक लगातार फायरिंग करते रहे और फिर मौके से फरार हो गए। हमले में कुल छह पर्यटक घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गोलीबारी में कुछ घोड़े भी घायल हुए हैं जिन्हें गोलियां लगी हैं।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), सीआरपीएफ और अन्य बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आतंकियों को पकड़ने के लिए इलाके में अतिरिक्त क्विक रिएक्शन टीम (QRT) तैनात की गई है।

यह हमला एक बार फिर जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है और देशभर में चिंता का विषय बन गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!