बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे साउथ सुपरस्टार यश, भस्म आरती में लिया आशीर्वाद

उज्जैन (शिखर दर्शन) // सोमवार तड़के, दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार यश ने मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की भस्म आरती में भाग लिया और उनका आशीर्वाद लिया। यश ने मंदिर पहुंचने पर कहा कि यहां की सकारात्मक ऊर्जा और माहौल वाकई अद्वितीय है, और भारत के हर व्यक्ति को एक बार यहां आकर महाकाल के दर्शन जरूर करना चाहिए।
महाकाल मंदिर में यश का श्रद्धा भाव और सम्मान
KGF जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से रातों रात प्रसिद्ध हुए यश सोमवार को सुबह करीब चार बजे महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। धोती पहने और मस्तक पर चंदन का तिलक लगाए हुए यश करीब दो घंटे तक आरती में रमे रहे। आरती के बाद महाकाल मंदिर समिति ने उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
यश ने दर्शन के बाद कहा, “आज का अनुभव बहुत खास था। यहां जिस तरह से भक्तों के लिए सुविधाएं विकसित की गई हैं, वह सच में प्रेरणादायक है। यहां की पॉजिटिव एनर्जी का अनुभव अविस्मरणीय है। महाकाल का आशीर्वाद लेकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।” उन्होंने कहा कि भारत के हर व्यक्ति को यहां आकर महाकाल के दर्शन करने चाहिए।