मध्यप्रदेश

MP Morning News: गांधी सागर में फिर गूंजेगी चीतों की दहाड़, CM डॉ. मोहन करेंगे चीता रिलीज; भोपाल में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। कूनो नेशनल पार्क के बाद अब गांधी सागर अभ्यारण्य में भी चीतों की बसाहट शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दो भारत में जन्मे चीतों को गांधी सागर अभ्यारण्य में रिलीज करेंगे। यह प्रदेश का दूसरा ऐसा स्थान बनेगा जहां चीते प्राकृतिक परिवेश में रहेंगे।

नीमच और मंदसौर की सीमा पर फैला यह अभ्यारण्य न केवल वन्यजीव संरक्षण के लिहाज़ से, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चीतों की नई मौजूदगी न केवल जैव विविधता को समृद्ध करेगी बल्कि पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी। वन विभाग के अनुसार, यह पहल न सिर्फ संरक्षण का प्रतीक है बल्कि राज्य की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।

नीमच में सीएम करेंगे स्कूल भवन लोकार्पण, उद्योगों की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नीमच जिले के जावद में ‘सीएम राईज’ स्कूल भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वे दो नए औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लैपटॉप भी वितरित किए जाएंगे। इस आयोजन के बाद मुख्यमंत्री गांधी सागर अभ्यारण्य पहुंचकर चीतों को प्राकृतिक परिवेश में छोड़ने की ऐतिहासिक पहल करेंगे।

भोपाल में कांग्रेस की अहम बैठक, संगठनात्मक मजबूती पर मंथन

दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी आज भोपाल में एक अहम बैठक करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य कार्यप्रणाली को मजबूत करना और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा करना है।

इसी के तहत शाम को इंदौर में भी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी, जिसमें पार्टी की स्थिति, जिम्मेदारियों के पुनर्गठन और भावी कार्यक्रमों पर विचार किया जाएगा। बीते दो महीनों में प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष ने विभिन्न संभागों का दौरा कर संगठन की जमीनी हकीकत को समझने का प्रयास किया है, जिसके अनुभवों को इस बैठक में साझा किया जाएगा।

यह दिन मध्य प्रदेश की राजनीति और पर्यावरणीय विकास दोनों के लिहाज़ से खासा अहम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button