छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार, रायपुर में पारा 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी तेज हो गई है, वहीं कहीं-कहीं तेज हवाओं और हल्की बारिश ने मौसम को अस्थिर कर दिया है। मौसम विभाग ने 20 अप्रैल को प्रदेश के कई क्षेत्रों में आंशिक मेघमय आसमान, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से प्रदेश में बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। इसके चलते अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और मेघगर्जन की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। रायपुर में 42 डिग्री तक पारा चढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को लू और गर्म हवाओं से सतर्क रहने की जरूरत है।
बीते 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर और जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज का मौसम पूर्वानुमान – रायपुर
20 अप्रैल को रायपुर में दिनभर आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल छाने की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। लोगों को गर्मी और उमस से बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।