फूलों से सजी कार में तोड़फोड़, लाल जोड़े में थाने पहुंची दुल्हन , शादी से पहले दो पक्षों में खूनी संघर्ष

जमीनी विवाद में चलीं लाठियां-डंडे, कई घायल
जबलपुर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक शादी समारोह उस वक्त तनाव और हिंसा में बदल गया, जब जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। मामला इतना गंभीर हो गया कि फूलों से सजी कार पर पथराव हुआ और दुल्हन को लाल जोड़े में ही थाने पहुंचना पड़ा। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना शहर के लाल मिट्टी इलाके की है, जहां दुल्हन की बारात आई थी। जानकारी के अनुसार, दूल्हे की बारात जैसे ही शादी स्थल पर पहुंची, उसी दौरान घर के पीछे रहने वाले अभिषेक और कपिल ने बाइक से दूल्हे की घोड़ी को टक्कर मार दी। जब बारातियों ने इसका विरोध किया तो बात बढ़ गई और अभिषेक के परिवार वालों ने घर के बाहर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उन्होंने दूल्हे की फूलों से सजी कार पर भी पथराव कर दिया।
देखते ही देखते मामला मारपीट तक जा पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां, डंडे और धारदार हथियार चले। इस झड़प में दुल्हन समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शादी के बीच मारपीट और गाली-गलौज की तस्वीरें साफ देखी जा सकती हैं। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी उत्पात मचाते हुए नजर आ रहे हैं।
दुल्हन ने लाल जोड़े में ही थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे पुराना जमीनी विवाद कारण बताया जा रहा है, जिसकी पड़ताल की जा रही है।