बीजेपी को जल्द मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष! पीएम आवास पर हुई रणनीतिक बैठक, एक सप्ताह में हो सकती है घोषणा

शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान और किशन रेड्डी सहित कई नाम रेस में, कई राज्यों के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // लोकसभा चुनाव के ठीक बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन को पुनर्गठित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष जल्द मिल सकता है। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पीएम आवास पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्षों को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार अगले एक सप्ताह में राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर मुहर लग सकती है और करीब आधा दर्जन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं।
जनवरी में होना था चुनाव, अब तक टली प्रक्रिया
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2023 में समाप्त हो चुका था, लेकिन लोकसभा चुनाव और अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उन्हें कार्यकाल विस्तार दिया गया। जून 2023 में उन्हें छह महीने का और विस्तार मिला, लेकिन अब यह अवधि आठ महीने से भी अधिक हो चुकी है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व पर नए अध्यक्ष के चयन का दबाव बढ़ गया है।
शिवराज सिंह चौहान सबसे मजबूत दावेदार
भाजपा के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष की रेस में सबसे आगे नाम मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का माना जा रहा है। शिवराज की लोकप्रियता, मधुर व्यवहार और मास अपील उन्हें संगठन के लिए एक मजबूत चेहरा बनाते हैं। आरएसएस के भी वह पहली पसंद माने जा रहे हैं। वे 6 बार सांसद रह चुके हैं, 4 बार मुख्यमंत्री रहे और ‘लाड़ली बहना योजना’ जैसे प्रभावी कार्यक्रमों के जरिए जनमानस में गहरी पकड़ बना चुके हैं।
धर्मेंद्र प्रधान: संगठन के साइलेंट वॉरियर
शिवराज के बाद धर्मेंद्र प्रधान का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। ओडिशा से आने वाले धर्मेंद्र प्रधान की संगठन पर मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे दो बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत में उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई थी। वे RSS के भी करीबी माने जाते हैं।
अन्य प्रमुख नाम: जी. किशन रेड्डी, डी. पुरंदेश्वरी, स्मृति ईरानी
राष्ट्रीय अध्यक्ष की रेस में तेलंगाना के नेता जी. किशन रेड्डी, आंध्र प्रदेश भाजपा प्रमुख डी. पुरंदेश्वरी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और तमिलनाडु की नेता तमिलिसाई सौंदर्यराजन तथा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन जैसे नाम भी शामिल हैं। इनमें से कुछ नेताओं को दक्षिण भारत में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से तरजीह दी जा सकती है।
दलित या ओबीसी चेहरा मिलने की संभावना
सूत्रों की मानें तो इस बार भाजपा नेतृत्व किसी दलित या ओबीसी चेहरे को अध्यक्ष बना सकता है। पार्टी में पिछले कुछ हफ्तों से यह चर्चा तेज है कि सामाजिक संतुलन को साधते हुए नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्षों में भी बड़े बदलाव संभव
पीएम आवास पर हुई बैठक में कुछ राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को बदलने पर भी चर्चा हुई है। विशेष रूप से कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में नए चेहरे संगठन को सौंपे जा सकते हैं। यह बदलाव आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 की तैयारियों की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।