रायपुर संभाग

स्वास्थ्य सुविधा का हाल: 2 की थम गई सांसे , बाकी 3 को भी नजर आ रहे ‘यमराज’

हार्ट ऑपरेशन के इंतजार में मरीजों की हालत गंभीर, 113 दिन से भर्ती महिला मरीज की स्थिति नाजुक

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, अंबेडकर अस्पताल, में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में 113 दिन से हार्ट ऑपरेशन का इंतजार कर रही एक महिला मरीज की हालत बिगड़ती जा रही है। वहीं, अन्य मरीजों को भी ऑपरेशन का इंतजार करते हुए दो महीने से एक हफ्ते तक का समय हो चुका है, लेकिन अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सामान की कमी के कारण ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं।

यहां तक कि हैरानी की बात यह है कि ऑपरेशन का इंतजार कर रहे दो मरीजों की मौत हो चुकी है। एक मरीज की मृत्यु अस्पताल में जबकि दूसरे की घर में हुई। इन दोनों मरीजों ने ऑपरेशन के लिए अपना नाम अस्पताल की वेटिंग लिस्ट में दर्ज कराया था, लेकिन समय पर इलाज न मिलने के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई।

अब सवाल यह उठता है कि अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग को ऐसे कौन से उपकरण की आवश्यकता है, जो सप्लायर उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने अंबेडकर अस्पताल में एडवांस कार्डियक यूनिट खोलकर हार्ट मरीजों के इलाज के लिए हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया था।

अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, हार्ट ऑपरेशन के लिए आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण ऑपरेशन की तिथियां निर्धारित नहीं हो पा रही हैं। यह स्थिति मरीजों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ा संकट बन चुकी है। अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग को इस गंभीर समस्या का समाधान शीघ्र करना चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!