दुर्ग संभाग
कबीरधाम कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और डॉग स्क्वाड टीम पहुंची मौके पर
कबीरधाम (शिखर दर्शन) //
कबीरधाम कलेक्ट्रेट कार्यालय में सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल कश्मीर से भेजा गया था, जिसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गई और परिसर के प्रत्येक कोने की जांच शुरू कर दी।
कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, एसपी धर्मेंद्र छवाई ने पुष्टि करते हुए कहा कि धमकी देने वाले मेल की जानकारी मिली है, और पुलिस अधिकारियों की टीम डॉग स्क्वाड के साथ जांच कर रही है।
वर्तमान में कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा उपायों के तहत सभी संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार के खतरे से बचा जा सके।
