मध्यप्रदेश

पत्रकार पर जानलेवा हमला: रिपोर्टिंग से लौटते वक्त चाकू और डंडे से किया हमला, FIR में केवल मामूली धाराएं

भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित पारस हरमिटेज के पास रविवार देर रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने रिपोर्टिंग कर लौट रहे पत्रकार विशेष कुमार और उनके साथी विजय पर चाकू व डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पत्रकार विशेष गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केवल मामूली धाराओं में FIR दर्ज की है।

—————————————————–

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी में बदमाशों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। रविवार रात होशंगाबाद रोड स्थित पारस हरमिटेज के सामने उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रिपोर्टिंग से लौट रहे पत्रकार विशेष कुमार और उनके साथी विजय पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया।

घायल पत्रकार विशेष कुमार ने बताया कि जब वे बाइक से साइड से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी करीब एक दर्जन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। उनमें से एक युवक ने विशेष के सिर पर चाकू से वार किया, जबकि विजय पर डंडे से हमला किया गया। हमलावरों ने दोनों को बाइक से नीचे खींचकर बेरहमी से पीटा। विशेष कुमार के सिर से काफी खून बहा और वे बेहोश हो गए। हमले के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख हमलावर भाग निकले।

गंभीर रूप से घायल दोनों पत्रकारों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, दोनों निजी अखबार में कार्यरत हैं।

इस गंभीर घटना के बावजूद मिसरोद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केवल मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसीपी मिसरोद रजनीश कश्यप ने बताया कि घटना के समय गाड़ी चलाते वक्त पत्रकारों की कुछ लोगों से नोकझोंक हुई थी। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button