निगम की अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, 53 मकानों पर चल रहा तोड़फोड़
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // भिलाई नगर निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए खुर्शीपार क्षेत्र के गौतम नगर में 53 अवैध मकानों को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई निगम प्रशासन द्वारा पहले जारी किए गए नोटिसों के आधार पर की जा रही है, और इसमें पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।
भिलाई (शिखर दर्शन) //
भिलाई नगर निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को खुर्शीपार क्षेत्र के गौतम नगर में बड़ी कार्रवाई शुरू की है। निगम के तोड़ू दस्ते ने यहां 53 अवैध मकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई निगम प्रशासन द्वारा पहले जारी किए गए नोटिसों के आधार पर की जा रही है।
इस दौरान कुछ स्थानीय निवासियों ने विरोध किया, लेकिन कई लोगों ने अपनी मर्जी से अपने अवैध कब्जे खुद ही खाली कर दिए। घटनास्थल पर जोन 4 के कमिश्नर और निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

निगम प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण और कब्जे के खिलाफ जारी रहेगी और इसके तहत शहर के अन्य हिस्सों में भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों के खिलाफ उठाए गए इस कदम से क्षेत्रीय विकास और नागरिकों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।




